घर में घुसकर पिस्टल की नौक पर लूट का प्रयास, महिलाओं ने साहस दिखाकर वारदात होने से रोका
![](https://pramukhsamvad.live/wp-content/uploads/2023/12/IMG_20231229_164139.jpg)
संजय कुमार चौबीसा
कोटा, 29 दिसम्बर। शहर में बदमाश बेखोफ होते जा रहे है। आए दिन लूट, चाकूबाजी, चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे है। बदमाशों के हौसले का इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि दादाबाड़ी विस्तार योजना में दिन दहाड़े एक युवक डॉ आर सी गुप्ता के घर में घुस गया और महिला के सिर पर पिस्टल लगाकर घर में रखे पैसे देने की मांग करने लगा। उसने महिलाओं को धमकी दी कि घर में रखे जितने पैसे हैं वह सभी दे दे नहीं तो मैं तुम्हें जान से मार दूंगा। इसी दौरान महिला अर्पिता व तरुण लता ने साहस का परिचय देते हुए बदमाश को धक्का दिया तो उसके हाथ से पिस्टल नीचे गिर गई और घर की दोनों महिलाओं ने उसे पकड़ लिया। लेकिन बदमाश महिलाओं को धक्का देकर फरार हो गया। जाते वक्त वह बाहर से दरवाजा भी बंद कर गया बदमाश का साहस इतना था कि वह जाते वक्त घर में टेबल पर रख मोबाइल को भी साथ में उठाकर ले गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बदमाश की उम्र करीब 20-22 साल थी। उसने मुह पर मास्क लगा रखा था पीछे काला बैग लटका हुआ था। मास्क लगा होने से चेहरा पहचाने में नहीं आया। घटना की जानकारी पार्षद रामबाबू सोनी को लगी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया। सूचना पर पुलिस मौके पहुंची। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
दादाबाड़ी थानाधिकारी राजेश पाठक ने बताया कि सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचे। घटना स्थल पर पड़ी मिली पिस्टल नकली खिलौने वाली थी। आरोपी की पहचान के लिए आसपास मकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।