राजस्थानलोकल न्यूज़

बारां मौसम • दिनभर रहा गलन का असर, 31 दिसंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से सर्द हवाएं चलेंगी, पारा गिरने के आसार

रात के तापमान में 1.3 डिग्री की गिरावट, सुबह देर छाया रहा कोहरा

लेखराज शर्मा 25 दिसम्बर 2023

बारां जिले में रविवार और सोमवार को सुबह के समय घने कोहरे का असर रहा। कोहरा छाने के कारण दृश्यता घट गई, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण नेशनल हाईवे 27, मेगा हाईवे समेत मुख्य मागों पर वाहन धीमी गति से चले। साथ ही दिनभर गलन ने बेहाल किया। सोमावर को रविवार के मुकाबले रात के तापमान में 1.3 डिग्री की गिरावट हुई। पिछले दिनों सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने से बादल छंटने के साथ ही तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। अब आगामी दिनों में भी जिले में रात के तापमान में गिरावट के आसार हैं। शहर में रविवार को सुबह से ही कोहरे का असर रहा। इसके बाद धूप निकलने से कोहरा छंटा, लेकिन धूप में तेजी नहीं होने से गलन का असर बना रहा। रात को सर्द हवा के कारण ठिठुरन बढ़ गई। कोहरे से मिलेगा फसलों को फायदा जिले में कोहरा छाए रहने का फायदा रबी फसलों को भी मिलेगा। कृषि विशेषज्ञो के अनुसार धुंध, ठंड, कोहरा व आँस के साथ रबी फसलों को वायुमंडल में जमी प्राकृतिक नाइट्रोजन गैस किसानों की फसलों को यूरिया खाद के रूप में मिल रही है। कोहरा, ठंड धुंध समय पर गिरने से फसलों को 5 से 20 फीसदी यूरिया खाद मिलता है। । ओस के रूप में होने वाली बरसात में किसान गेहूं, चने, सरसों की फसलों में यूरिया देते हैं, उसकी बचत होती है।

आगे क्या… मौसम विभाग ने अब आगामी दिनों में तापमान में गिरावट के साथ ही सर्दी बढ़ने के आसार जताए हैं। मौसम केंद्र जयपुर के वैज्ञानिक डॉ. हिमांशु शर्मा ने बताया कि वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने से सर्दी का असर बढ़ने लगा है। बारां समेत कई जगहों पर तापमान में गिरावट हुई है। अब आगामी दिनों में हिमालयी क्षेत्रों से सर्द हवा मैदानी इलाकों में पहुंचेगी। इसके कारण न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। आगामी दिनों में बारां जिले समेत कई जगहों पर कोहरें का असर भी जारी रहेगा। साथ ही आगामी दिनों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

बारां. शहर में सोमवार को सुबह देर तक कोहरा छाया रहा। इससे वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button