टॉप न्यूज़देशराजस्थान

राज्यपाल ने किया वर्चुअल लोकार्पण, संविधान पार्क की स्थापना करने वाला आरटीयू बना प्रदेश का प्रथम तकनीकी विश्वविद्यालय

Sanjay Chobisa, 11 March

कोटा, राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के संविधान पार्क का ऑनलाइन लोकार्पण राज्यपाल एवं कुलाधिपति  कलराज मिश्र की अध्यक्षता में आज संपन्न हुआ। ज्ञातव्य है की विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाली युवा पीढ़ी में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरुकता, लोकतांत्रिक आस्था के विकास एवं संवैधानिक आदर्शो से जुड़ाव के उदेश्य से राजभवन द्वारा प्रदेश के समस्त विश्वविद्यालयों में संविधान पार्क की स्थापना के निर्देश प्रदान किए गये थे। कुलपति प्रो. एसके सिंह के अथक प्रयासों से अल्प समय में ही संविधान पार्क की स्थापना करने वाला राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय प्रदेश के प्रथम तकनीकी विश्वविद्यालय बन गया हैं।

विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस ऑनलाइन समारोह में लगभग 500 से अधिक छात्रों तथा लगभग 200 शिक्षक, अधिकारी व कर्मचारियों तथा सम्बद्ध महाविद्यालयो द्वारा लोकार्पण का सीधा प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर  गौरव गोयल, सचिव एवं  गोविन्द राम जायसवाल, प्रमुख विशेषाधिकारी, कुलपति प्रो. एसके सिंह, कुलसचिव दीप्ती रामचन्द्र मीणा, एवं राजभवन के अन्य अधिकारीगण, विश्वविद्यालय के विद्वान शिक्षकगण, अधिकारीगण, कर्मचारीगण, अन्य अतिथिगण उपस्थित थे।

राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा स्थापित यह संविधान पार्क विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाली युवा पीढ़ी में लोकतांत्रिक आस्था को मजबूत करने में सहायक होगा साथ ही युवा राष्ट्र बोध से जुड़ कर देशहित में अपने कर्तव्यों के निर्वहन को भी प्रेरित होंगे। इसकी स्थापना के पीछे मूल भावना यह है कि देश के भावी नागरिक इन पार्कों का भ्रमण कर संविधान की उदात्त संस्कृति को प्रत्यक्ष अनुभव कर सकेंगे। ताकि उनमें मौलिक कर्तव्यों, नीति निर्देशक तत्वों का समावेश हो और वे देश के प्रति जिम्मेदारी का अहसास करें।

संविधान पार्क का ऑनलाइन लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति  कलराज  मिश्र ने राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा अल्प समय में संविधान पार्क की स्थापना कर नवनिर्मित संविधान पार्क के लोकार्पण हेतु सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान की। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त कि विश्वविद्यालय ने जो संविधान के प्रति जागरूकता के क्षेत्र में कदम बढ़ाया है उससे विश्वविद्यालय का प्रत्येक छात्र, परिजन, शिक्षक, कर्मचारी सभी संविधान के मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक हो सकेगें। मुझे इस बात की खुशी है कि मेरे द्वारा किये गये इस अभिनव प्रयास पर राजस्थान देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां आमजन में संवैधानिक जागरूकता लाने के लिए प्रत्येक विश्वविद्यालय में संविधान उद्यान स्थापित किया जा रहा है। विश्वविद्यालय द्वारा निर्मित संविधान पार्क अब सभी आम जन के लिए देखने को मिलेगा जिस हेतु विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.एसके सिंह व उनकी टीम तथा सभी शिक्षक गण, अधिकारीगण कर्मचारीगण बधाई के पात्र है।

कुलपति प्रो. एसके सिंह ने कहा कि राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय का नवनिर्मित संविधान पार्क का लोकार्पण हमारे देश की गरिमा को बढाने व राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण कदम है। जिसका संपूर्ण श्रेय माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति महोदय  कलराज  मिश्र का है। देश के सभी नागरिकों, छात्र, छात्राओं को संविधान के मूल्यों, कर्तव्यों व सिद्धांतों के प्रति जागरूक करने हेतु राज्य के प्रत्येक विश्वविद्यालय में संविधान पार्क की स्थापना किये जाने का निर्णय माननीय राज्यपाल का अभूतपूर्व कदम हैं। विश्वविद्यालय के संविधान पार्क को जब भी कोई छात्र-छात्रा, अभिभावक नागरिक इसको देखेंगे, उनके देश के संविधान के प्रति अपने मूल्यों, अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति राष्ट्रीय संविधान से जुड़ी हर प्रकार की जानकारी स्वतः ही प्राप्त हो सकेगी। संविधान पार्क में संविधान के निर्माण और उसके लागू होने की ऐतिहासिक यात्रा को विभिन्न कला-रूपों में सुंदरता के साथ सँजोया गया है। संविधान पार्क हमारे मूल लिखित संविधान पर उकेरी प्राचीन भारतीय संस्कृति से जुड़ी कलाकृतियों का भी मूर्त रूप है। इसके आमजन के लिए खुलने से संविधान से जुड़ी संस्कृति से अधिकाधिक लोग प्रत्यक्ष रूप से जुड़ सकेंगे। आज हम सभी को इस अवसर पर हम आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक सकारात्मक संकल्प लेने के लिए प्रेरित होना चाहिए ताकि हम सब एक सशक्त और समृद्ध शील राष्ट्र की दिशा में कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सके।

 

एक परिचय : संविधान पार्क राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय

माह फरवरी 2020 में माननीय राज्यपाल महोदय एवं कुलाधिपति महोदय की अध्यक्षता में आयोजित राज्य वित्त पोषित विश्वविद्यालय के कुलपति से संवाद में माननीय राज्यपाल महोदय द्वारा समस्त विश्वविद्यालयों में संविधान पार्क विकसित किये जाने की घोषणा की गई थी। प्रत्येक विश्वविद्यालय में स्थापित किये जाने वाले संविधान पार्क का प्रारूप राज्यपाल सचिवालय द्वारा वास्तुकारो से तैयार करवाया गया है। ताकि प्रदेश के समस्त विश्वविद्यालयों में एक समान समरूपता के साथ संविधान स्तंभ स्थापित किया जा सके। इस संविधान स्तंभ में राष्ट्र की प्रस्तावना, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य का इस प्रकार से उद्धरण किया गया है कि विद्यार्थियों द्वारा इसको देखने पर राष्ट्रीय संविधान से जुड़ी हुई जानकारी स्वतः ही समग्र रूप से प्राप्त हो सकेगी। प्रारूप में देखा जा सकता है कि स्तंभ के आधार पर संविधान के के 22 भागों की पट्टिकाएं दर्शाई गई है तथा एक ही स्तंभ में राष्ट्र का पूरा संविधान समायोजित किया गया है। देश के प्रथम प्रधानमंत्री प.जवाहरलाल नेहरू एवं डॉ.भीमराव अंबेडकर की आदमकद मूर्ति भी स्थापित की गई है। विश्वविद्यालय द्वारा लगभग 65000 वर्ग मीटर क्षेत्र में संविधान उद्यान विकसित किया गया है। जिसमे सफेद संगमरमर पत्थर का संविधान स्तंभ 75 फीट ऊंचा बनाया गया है। साथ ही उद्यान में विभिन्न वाटर बाड़ी का निर्माण किया गया है। जिसके चारों तरफ एस.एस. की रेलिंग लगाई गई है। रात्रि में पूरा परिदृश्य एवं उद्यान सुंदर रुप में दृष्टिगत हो इस हेतु विभिन्न प्रकार की एल.ई.डी. एवं अन्य लाइट भी लगाई गई हैं। उपरोक्त समस्त निर्माण कार्य में लगभग रुपये 3.72 करोड़ का व्यय किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button