धर्म

भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव : श्रद्धा, एकता, उपासना और भक्ति का परिचय देगा सकल जैन समाज

संजय कुमार

कोटा, 17 अप्रैल। जैन समाज कोटा महानगर द्वारा देवाधिदेव जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव हर्षोल्लास के साथ रविवार 21 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। दिगम्बर एवं श्वैताम्बर जैन समाज मिलकर एकता का परिचय देते हुए अहिंसा पदयात्रा का आयोजन 20 अप्रैल को घटोत्कच चौराहा से दानबाडी तक करेंगे तो 21 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा तलवंडी जैन मंदिर से दशहरा मैदान पर सकल दिगम्बर समाज के द्वारा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में चर्या शिरोमणि आचार्य श्री 108 विशुद्ध सागर जी महाराज के शिष्य परम पूज्य श्री 108 आदित्य सागर जी महाराज ससंघ व गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ससंघ का सानिध्य भी प्राप्त होगा।

पोस्टर का विमोचन
भगवान महावीर का जन्म कल्याणक महोत्सव को भव्य बनाने के लिए दिगम्बर जैन समाज के द्वारा विशाल 5 फीट से अधिक ऊंचा पोस्टर कोटा शहर के 55 मंदिरों पर लगाया जा रहा है। जिसमें 20 अप्रैल व 21 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम की पूरी सूचना एवं जानकारी है। सकल दिगम्बर समाज के अध्यक्ष विमल जैन नांता ने बताया कि अधिक से अधिक लोगो को आयोजन की जानकारी प्राप्त हो सके इस उद्देश्य से पोस्टर मंदिरों में लगाए गए है। बुधवार को श्री 108 आदित्य सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में कृष्णा नगर एवं गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ससंघ के सानिध्य में विज्ञान नगर में पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर सकल दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष विमल जैन नांता, पूर्व अध्यक्ष राजमल पाटोदी,मंत्री विनोद टोरडी,कार्याध्यक्ष जे के जैन व प्रकाश बज,तलवंडी जैन मंदिर के मंत्री प्रकाश सामरिया,रितेश सेठी,विजय दुगेरिया,राजकुमार लुहाड़िया,नरेश जैन वेद,विमल जैन वर्धमान,निशा वेद,पारस जैन,सुरेश चांदवाड़,पीयूष बज,पदम पाटनी,जयकुमार जैन,अनिल ठोरा सहित कई लोग शामिल रहे।

अहिंसा पदयात्रा दिखायेंगे एकता
सकल जैन जैन समाज के मुख्य संयोजक जे के जैन व संयोजिका रेखा हिंगड ने बताया कि 20 अप्रैल को आयोजित सकल जैन समाज की पदयात्रा में समस्त जैन समाज के लोग शामिल होकर एकता का परिचय देंगे और महावीर के संदेशो को घर—घर पहुंचाने का आव्हान करेंगे। तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में दिगम्बर व श्वेताम्बर जैन समाज कोटा महानगर में अहिंसा पदयात्रा का आयोजन सुबह 7 बजे घटोत्कक्ष चौराहा से दानबाडी तक किया जाएगा। पदयात्रा संयोजक विजय दुगेरिया ने बताया कि अहिंसा पदयात्रा घटोत्कक्ष से प्रारंभ होकर,महावीर नगर तृतीय चौराहा,महावीर नगर द्वितीय,तलवंडी सर्किल,जवाहर नगर होती हुई भगवान महावीर के जयकारों के साथ दानबाडी पहुंचेगी जहां वह सभा में परिवर्तित होगी। महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका निशा जैन वेद ने बताया कि 20 अप्रैल सांय 08 बजे कोटा नगर की महिला मण्डलों द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम दशहरा मैदान में आयोजित किया जाएगा।

तलवंडी जैन मंदिर से निकलेगी शोभायात्रा
समिति अध्यक्ष अशोक पहाड़िया व मंत्री प्रकाश सामरिया ने बताया कि भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव पर 21 अप्रैल को महावीर दिगंबर जैन मंदिर तलवंडी से भव्य शोभायात्रा का आयोजन प्रात:7 बजे किया जाएगा। शोभायात्रा की तैयारियों के लिए समितियों का गठन किया जा रहा है। कोटा महानगर के जैन परिवारो के घरों पर जैन ध्वज भेंट किए जा रहे है। सकल दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष विमल जैन नान्ता व महामंत्री विनोद टोरडी ने कहा कि समाज द्वारा शोभायात्रा को भव्य बनाने का प्रयास में एकजुट है।शोभायात्रा दशहरा मैदान तक प्रात: 10 बजे तक पहुचेगी। शोभायात्रा में चर्या शिरोमणि आचार्य श्री 108 विशुद्ध सागर जी महाराज के शिष्य परम पूज्य श्री 108 आदित्य सागर जी महाराज ससंघ व गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ससंघ भी अपना आशीर्वाद देते हुए शोभायात्रा मे पैदल चलेंगे। उनका उद्बोधन दशहरा मैदान में किया जाएगा।

भव्य व आकर्षक स्वरूप
शोभायात्रा के संयोजक रितेश सेठी व प्रकाश बज ने बताया कि शोभायात्रा प्रात 7.00 बजे श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर तलवंडी से प्रारंभ की जाएगी। शोभायात्रा तलवंडी जैन मंदिर से प्रारंभ होकर परशुराम सर्किल,सुवी नेत्र चिकित्सालय होती हुई जवाहर नगर के मार्ग पर प्रशस्त होगी। जिसमे जैन ध्वज लिए समाज लोग शामिल होगे। जवाहर नगर से दानबाडी होती होती हुई शोभायात्रा सीएडी सर्किल से दशहरा मैदान पहुंचेगी जहां शोभायात्रा सभा का रूप लेगी। जहां विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राजकुमार लुहाड़िया ने बताया कि शोभायात्रा में श्री जी की प्रतिमा को मंत्रोच्चारण के साथ सुसज्जित कर रथ में गमन करेंगी।जिनके पीछे जैन समाज के लोग महावीर के जयकारों के साथ आगे बड़ेगे। शोभायात्रा में सौधर्म इंद्र,ईशान इंद्र, कुबेर,सारथी व चवर डुलाने वालें रथ में सवार होकर चलेंगे। महिला केसरिया रंग की साड़ी व पुरुष सफेद कुर्ते पजामे में शामिल होंगे। इसके साथ समाज बंधु महिला-पुरुष धर्म ध्वजा लेकर चलेंगे। शोभायात्रा में श्वेत अश्व,उंट गाडी,24 बग्गियां,महावीर के संदेश की सजीव झांकियां शामिल होगी। जगह—जगह रंगोली एवं मार्ग के दोनो और श्वेत व लाल रेखाएं बनाकर स्वागत किया जाएगा। 108 स्वागत द्वारा बनाए जाएंगे। शोभायात्रा में महिला बैंड सहित 4 बैंड शामिल होगे।बग्गियों में इन्द्र-इन्द्राणी, नृत्य करते युवक-युवतियों की टोली, पाठशाला के बच्चे, चार डी जे मधुर भजनों की स्वर लहरियां बिखेरते निकलेंगे।

जे. के. जैन

स्वच्छता व अहिंसा का संदेश
शोभायात्रा के संयोजक रितेश जैन सेठी व प्रकाश बज,प्रसार मंत्री राजकुमार लुहाड़िया ने बताया कि इस बार शोभायात्रा मार्ग में खानपान पर रोक लगाई गई है। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह पर स्वागत के लिए खाने-पीने की चीजें मीठे रेपर, शेक, शरबत, आइसक्रीम, मिठाई आदि वितरित करने से गंदगी के साथ उनमें सूक्ष्म जीव चीटियां, मक्खियां आदि चिपक जाते हैं, उनके ऊपर से लोग गुजरते हैं और दूसरे दिन प्रातःकाल में उसे कचरे के ढेर में जला दिया जाता है,जिससे जीव हिंसा का घोर दोष लगता है। शोभायात्रा में केवल शीतल जल का ही उपयोग किया जाएगा।साथ ही प्लास्टिक डिस्पोजल पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। उन्होंने बताया कि मार्ग में जगह-जगह पर होने वाले स्वागत सत्कार में किसी भी प्रकार का प्लास्टिक डिस्पोजल का उपयोग नहीं किया जाएगा। साथ ही कागज के गिलास और कप आदि उपयोग के बाद पीछे से सफाई के लिए एक टीपर लगाया गया। जो हाथों हाथ कचरा उठाते हुए साथ चलती रहेगी।

पूजन व अभिषेक,सोशल ग्रपो का सहयोग
प्रचार संयोजक मनोज जैन आदिनाथ एवं पारस जैन ने बताया कि दशहरा मैदान में 21 अप्रैल को भगवान महावीर स्वामी का भव्य पूजन व अभिषेक किया जाएगा। सभा में श्री 108 आदित्य सागर जी महाराज ससंघ व गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ससंघ के प्रवचन से समाज लाभान्वित होगा। इस अवसर आदित्य सागर महाराज द्वारा रचित आध्यात्मिक 4 साहित्य पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा। इस अवसर पर जैन समाज के 5 व 1 अन्य समाज के व्यक्ति का उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
प्रकाश बज ने बताया कि दशहरा मैदान में 120 गुना 235 वर्ग फीट छायादार पाण्डाल बनाया जा रहा है। 44000 वर्ग फीट की भोजन शाला,1500 वर्गफीट का स्टेज बनाया जा रहा है। इस अवसर पर 18 विभिन्न स्टॉल पर दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप व विभिन्न समितियों के द्वारा सेवा कार्य के अंतर्गत रक्तदान शिविर,वृहद दिव्यांग शिविर,चिकित्सा शिविर,पाण्डुलिपि संग्रहण व संवर्धन की प्रदर्शनियां,प्राकृत शिक्षा के प्रचार की जानकारी तथा जीव दया के शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button