लोकल न्यूज़

राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय में मनाया गया शहीद दिवस

संजय कुमार

कोटा, 30 जनवरी, राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शहीद दिवस मनाया गया इस अवसर पर सभी ने दो मिनट का मौन रख उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कुलपति प्रो.एसके सिंह ने श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मानवता के अप्रतिम प्रतीक, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हैं। उनके महान विचारो ने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प की सिद्धि का मार्ग प्रशस्त किया हैं। उनकी शिक्षा में रामराज्य और विश्व शांति की कामना का भाव अंतर्निहित है। बुनियादी शिक्षा, समान शिक्षा प्रणाली, स्वावलंबन जैसे बापू के दिखाए सिद्धांत भी मनुष्य की जरूरत बने हुए हैं। गांधी व्यक्ति के रूप में सिद्धांतों की मूर्ति थे। उनसे हमेशा कुछ न कुछ नया सीखा जा सकता है। खासकर युवा पीढ़ी को गांधी के बारे में जरूर पढ़ना चाहिए। देश पर प्राण न्यौछावर करने वाले वीर बलिदानियों का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। गांधीजी ने पूरी दुनिया को दिखाया कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर डटे रहकर किस तरह बड़ा लक्ष्य हासिल किया जाता है। गांधी जी के विचार आज भी विश्व के लिए न सिर्फ उपयोगी हैं, बल्कि उनके विचारों और दर्शन में अनेक समस्याओं का समाधान भी छिपा है। उन्हीं की प्रेरणा से नए और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हो रहा है। हम सभी गांधी जी के बताए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का प्रण लें और राष्ट्र के विकास में योगदान दें। यही गांधी जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। आज शहीद दिवस के अवसर पर हम सभी वीर जवानों को याद करते है जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमारे देश की अखण्डता व सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। महात्मा गांधी जी ने अपने जीवन में एक अद्वितीय सिद्धांत का पालन किया, जिसे हम अहिंसा कहते हैं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न कर्मचारीगण उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button