“डिनर विद कलेक्टर” में छात्राओं को दी सीख, कोशिश जारी रखें, प्लान बी भी तैयार रखें सेल्फी के बजाय इमेज बनाएं
![](https://pramukhsamvad.live/wp-content/uploads/2024/02/IMG-20240209-WA0498-780x470.jpg)
संजय कुमार
कोटा 9 फरवरी।”कामयाब कोटा” अभियान अंतर्गत जिला कलेक्टर डॉ रविंद्र गोस्वामी ने शुक्रवार को कोरल पार्क स्थित मनन रेजीडेंसी में कोचिंग विद्यार्थियों के साथ डिनर करते हुए संवाद किया। विद्यार्थियों से उन्होंने कहा कि कर्म में विश्वास रखें, मन लगाकर मेहनत करें फल अच्छा ही मिलेगा। खुश रहें, सकारात्मक रहें। करियर से बढकर जीवन के बडे लक्ष्य तय करें।
हॉस्टल में छात्र-छात्राओं के साथ डिनर करते हुए कलक्टर ने सीख दी कि मन पर अनावश्यक प्रेशर ना डालें। प्लान बी जरूर तैयार रखें। अटेंप्ट करना ना छोडें।निराशा को आसपास भी ना आने दें। अपनी रुचि के कार्यों को भी समय दें। यह तैयारी ही आपका अंतिम लक्ष्य नहीं है, यह तो लक्ष्य पाने का रास्ता मात्र है।
उन्होंने अपील की कि विफ़लता से निराश ना हों। हार ना मानें बल्कि विफलताओं से सीखते हुए, चुनौती देते हुए आगे बढ़ते जाएं। लेकिन यह याद रखें की गलतियां वापस न दोहराई जाएं। विद्यार्थियों को यह भी सीख दी कि सोशल मीडिया से दूरी बनाएं। सेल्फी के बजाय अपनी इमेज बनाने में ज्यादा विश्वास रखें।
विद्यार्थियों के सवालों का,शंकाओं का उन्होंने समाधान दिया। विद्यार्थी जीवन के अपने अनुभव बांटे जिनको ताली बजाकर विद्यार्थियों ने स्वीकार किया।
जिला कलेक्टर के साथ डिनर का मौका पाकर विद्यार्थी उत्साहित हुए।
उन्होंने दैनिक अध्ययन में आने वाली परेशानियों, अध्ययन के तौर तरीके, अध्ययन में एकाग्रता, टाइम मैनेजमेंट और सफलता के टिप्स जिला कलेक्टर से लिए।
इस अवसर पर वाणिज्य कर अतिरिक्त आयुक्त शंभू दयाल मीणा ने भी छात्राओं को संबोधित किया।