सिगड़ी मेंं आग जलाने से उठे धुएं से दम्पती का दम घुटने के कारण हुई मौत, पुलिस जुटी मामले की जांच में।
![](https://pramukhsamvad.live/wp-content/uploads/2024/01/IMG_20240104_202105-672x470.jpg)
संजय कुमार चौबीसा
कोटा.4 जनवरी। किशोरपुरा थाना क्षेत्र के इलाके में बंजारा कॉलोनी में एक दंपति की मौत बंद कमरे में दम घुटने के कारण हो गई। दंपति रात में सर्दी से बचने के लिए एक कमरे में सिगड़ी जलाकर सोए थे।
किशोरपुरा पुलिस थाने के एएसआई हरि सिंह ने बताया कि साजीदेहड़ा निवासी लक्ष्मण शाक्यवाल व उसकी पत्नी चंदाबाई बंजारा कॉलोनी क्षेत्र स्थित जीएस मैरिज गार्डन में रात को चौकीदारी करने गए थे। सुबह दम्पती का बेटा राकेश मैरिज गार्डन के कमरे पर गया था। उसने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो मां-पिता ने नहीं खोला। उसने आसपास लोगों को बुलाया। लोगों ने खिडक़ी पर लगे लोहे के ग्रिल को तोडकऱ कमरे के भीतर प्रवेश किया और दरवाजा खोला। दोनों दम्पती अचेतावस्था में मिले। इसके बाद किशोरपुरा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दम्पती को एमबीएस अस्पताल लेकर गए। जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।