राजस्थान

नारी निकेतन की तीन आवासिनी बनी गृहलक्ष्मी, धूम-धाम से हुआ विवाह, हजारों हाथों ने दिया आशीष, अनूठे विवाह की गवाह बनी शिक्षा नगरी

संजय कुमार

कोटा 18 जनवरी। सपने देखना किसे अच्छा नहीं लगता और जब कोई जीवन की दशा और दिशा बदलने वाला सुनहरा सपना साकार हो जाए तो उस खुशी को बयां करना आसान नहीं होता। ऐसा ही सुंदर सपना नारी निकेतन में पली-बढ़ी सुनीता, पूनम और मीनाक्षी ने भी देखा था और अपनी शादी से जन्म-जन्म का साथी पाने का सपना जीवन्त होते देख उनकी खुशी का ठिकाना न था। करियर और केयर सिटी कोटा में मोशन एजुकेशन के ध्रुव कैम्पस में गुरुवार को शहनाई के स्वर के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की मौजूदगी में इनकी शादी परम्परागत रीति-रिवाज के साथ कराई गई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नव युगलों को आशीर्वाद देते हुए उम्मीद जताई कि मोशन के इस आयोजन के बाद शहर के अन्य सक्षम जन भी सामाजिक सरोकार के ऐसे कार्यों से जुड़ेंगे।

5-5 लाख रूपये देने की घोषणा
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने वर्चुअली कनेक्ट होकर विवाह समारोह को संबोधित किया।उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को विभाग की सुखद दाम्पत्य जीवन योजना अंतर्गत  दिव्यांग कन्याओं को 5-5 लाख रुपए देने निर्देश दिए थे जिस पर मौके पर ही उक्त राशि के चेक नव दम्पतियों भेंट किए गए। सामान्य दम्पति को 1 लाख 85 हजार का चेक सौंपा गया। मंत्री ने मोशन परिवार द्वारा किए गए उक्त विवाह आयोजन को भामाशाहों  के लिए एक प्रेरणा बताया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव कुलदीप रांका और वरिष्ठ आईएएस डॉ. समित शर्मा ने भी वर्चुअल रूप से समारोह में भाग लिया और वर-वधू को शुभकामनाएं देते हुए मोशन एजुकेशन के आयोजन की सराहना की।

अधीक्षक नारी निकेतन अंशुल मेहंदीरत्ता ने बताया कि इन तीन बेटियां बचपन से अब तक नारी निकेतन एवं अन्य संस्थाओं की चार दीवारी के भीतर पली-बढी, इन बेटियों के लिए मोशन एजुकेशन ग्रुप आगे आया और इनके हाथ पीले करने के लिए भव्य आयोजन रानपुर स्थित ध्रुव कैम्पस में पूर्ण रीति रिवाज के साथ कर इन बेटियों को ससुराल विदा किया गया। इससे पहले बारात की अगवानी मोशन एजुकेशन के संस्थापक और सीईओ नितिन विजय ने की। गुरुवार प्रातः मोशन के तीनों दूल्हों ने शुभ मुहूर्त में तोरण की रस्म अदा की। नव-युगल ने एक-दूसरे के गले में वरमाला डाली। इस दौरान जोड़ों पर गुलाब की पंखुरियों की वर्षा होती रही। कन्यादान शिक्षाविद और भामाशाह नितिन विजय और उनकी पत्नी ने डॉ. स्वाति विजय ने किया। वहीं आचार्य ने वैदिक मंत्रों और विधि-विधान से दूल्हा-दुल्हन को सात वचन दिलाते हुए पवित्र अग्नि के सात फेरे करवाकर पाणिग्रहण संस्कार करवाया। इसके साथ ही सुनीता ने नरेंद्र सुवालका, पूनम ने महावीर मेघवाल और मीनाक्षी ने बृजेश पाराशर संग गृहस्थ जीवन का सफर शुरू किया। तीनों बेटियों को जरूरी सुहाग प्रतीक, आभूषण, घर-गृहस्थी की सामग्री जैसे बर्तन, स्कूटी, वॉशिंग मशीन, टीवी, फ्रीज आदि 50 वस्तुएं उपहार स्वरूप भेंट की गई।

आशीर्वाद समारोह में पुलिस महानिरीक्षक प्रसन्न कुमार खमेसरा, पुलिस अधीक्षक शरद चौधरी, वरिष्ठ अधिकारी राजेश डागा, पंकज मेहता, रविंद्र त्यागी सहित शहर के गणमान्य लोगों ने नव दंपतियों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। शादी में दो हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। विदाई हुई तो नारी निकेतन और मोशन के स्टॉफ के लोगों की आंखों से आंसू छलक उठे।

कभी नहीं सोचा था
मोशन एजुकेशन के संस्थापक और सीईओ नितिन विजय ने बताया कि सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग के सयुंक्त निदेशक ओमप्रकाश तोषनीवाल और उप निदेशक भगवानसहाय शर्मा आदि अधिकारियों के साथ नारी निकेतन में आवासित बेटियों के विवाह की चर्चा हुई थी। नारी निकेतन की ओर से मेरे सामने कन्यादान का प्रस्ताव आया तो बहुत खुशी हुई। यह मेरे माता-पिता सुरेन्द्र विजय-सुशीला विजय की 50वीं वैवाहिक वर्षगांठ का मौका भी है। ऐसे में ये पुनीत कार्य करके अच्छा महसूस हो रहा है।

किन्नरों ने दिया शगुन
समारोह में पहुंचे करीब डेढ़ दर्जन किन्नरों को मोशन परिवार की ओर से  जब शगुन की राशि भेट करनी चाही तो उन्होंने कहा कि वे शगुन लेने नहीं देने आए हैं। मनीषा, नैना  और ग्रुप की ओर से तीनों दुल्हनों को सोने की आधा-आधा तोले की अंगूठियां भेंट की गई। रीना किन्नर ग्रुप की ओर से तीन आलमारी, तारा देवी किन्नर ने वस्त्र एवं उपहार के साथ साथ वर-वधु को आशीर्वाद दिया एवं बधाई गीतों की प्रस्तुतियां भी दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button