माता रानी फल देगी आज नहीं तो कल देगी.. गीतकार एवं पार्श्वगायक तरुण सागर ने युवाओं को दिया परिश्रम करने का संदेश
![](https://pramukhsamvad.live/wp-content/uploads/2023/12/IMG_20231218_202728-780x470.jpg)
संजय कुमार चौबीसा
कोटा, 18 दिसम्बर। बॉलीवुड पार्श्वगायक और गीतकार तरुण सागर सोमवार को कोटा आए। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए युवाओं को परिश्रम करने का संदेश दिया। वे वैष्णो देवी ज्योति मन्दिर के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने कोटा आए थे।
तरुण सागर ने कहा कि जिंदगी में आवश्यकता से अधिक उम्मीद हो और जब वह पूरी नहीं होती तो युवा सुसाइड जैसा कदम उठाते हैं। लेकिन, यह किसी भी समस्या का हल नहीं है। उन्होंने कहा कि माता रानी फल देगी आज नहीं तो कल देगी.. इसलिए अपना कर्म करते रहना चाहिए। जरूरी नहीं है कि हर व्यक्ति के चर्चे हों, पर्चे हों और फिजूल खर्चे हों। व्यक्ति सामान्य जीवन जीकर भी सर्वाइव कर सकता है।
उन्होंने कहा कि रीमिक्स और रैप सॉन्ग संस्कृति ने संगीत की आत्मा को खत्म कर दिया है। गीतों और संगीत के रिक्रिएशन से मौलिकता का नाश हो रहा है। तरुण सागर ने बताया कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत भजनों से की है। वे सारेगामापा में भी हिस्सा लें चुके हैं। वहीं हाउसफुल, आरक्षण, तनु वेड्स मनु जैसी फिल्मों में भी गीत गा चुके हैं।
शूटिंग के दौरान पढ़ाई के लिए समय निकलती हैं “कुहू”
ज्योति मंदिर पर आयोजित भजन संध्या में मेहमान कलाकार के रूप में “यह रिश्ता क्या कहलाता है..” की ‘कुहू’ फेम हरवंदना कौर भी कोटा पहुंची हैं। उन्होंने कहा वह शूटिंग करते हुए भी पढ़ाई के लिए समय निकाल पाती हैं। पढ़ाई जीवन में बहुत जरूरी है। शिक्षा प्राप्त करके ही किसी दूसरे क्षेत्र में नाम कमाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अभिनेत्री माधुरी दीक्षित से प्रभावित होकर कत्थक सीख रही हैं। एक्टिंग और पढ़ाई के बीच भी अपने बचपन को अच्छे से जी रही हैं।