टेक्नोलॉजीटॉप न्यूज़देशराजस्थान

लोक सभा अध्यक्ष ओेम बिरला ने किया साइंस सेंटर और डिजिटल प्लेनेटोरियम का शिलान्यास

संजय कुमार

कोटा, 27 फरवरी। कोचिंग सिटी कोटा को मंगलवार को विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को सिटी पार्क के पास 35 करोड़ की लागत से बनने वाले साइंस सेंटर और प्लेनेटोरियम का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेडिकल और इंजीनियरिंग परीक्षा की तैयारी करने आए युवाओं की नई सोच और ऊर्जा को दिशा देकर कोटा को इनोवेशन का बड़ा केंद्र बनाएंगे।

बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष के क्षेत्र में नित नई उपलब्धियां अर्जित कर रहा है। इस पर पूरे देश को गर्व है। दुनिया के लोग भी इस बात से चकित होते हैं कि भारत के युवा विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में इतने दक्ष हैं। बीते 10 वर्षों में हर क्षेत्र में नवाचारों से दुनिया की अनेक चुनौतियों का समाधान हुआ है और इसका श्रेय हमारे युवाओं को जाता है।
उन्होंने कहा कि कि कोटा में साइंस सेंटर और डिजिटल प्लेनेटोरियम बनने से युवाओं का वैज्ञानिक दृष्टिकोण तो मजबूत होगा ही, उनमें अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति भी रूचि बढ़ेगी। इसी देखते हुए हम भविष्य मेें कोटा में स्पेस इंजीनियरिंग के अध्ययन की संभावनाओं को भी तलाशेंगे। ट्रिपल आईटी से कोटा में आईटी सेक्टर को जल्द पंख लगने वाले हैं। हमें विश्वास है कि यह साइंस सेंटर और डिजिटल प्लेनेटोरियम, अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागृति लाते हुए पर्यटन को बढ़ावा देने में भी सहयोग करेगा।

ओम बिरला, लोक सभा अध्यक्ष

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्थान सरकार में विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि कोटा में देश की सबसे अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी का प्लेनेटोरियम बन रहा है। इसका पूरा श्रेय लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला को जाता है। उन्होंने ही केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय स्थापित कर इसे हकीकत बनाया।

संजय शर्मा, वन एवं पर्यावरण मंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश में विज्ञान और अनुसंधान को बढ़ावा दे रहे हैं। कोटा एजुकेशन का बड़ा हब है। यहां साइंस सेंटर और प्लेनेटोरियम बनने से प्रतिभाएं और निखरेंगी।
कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि दुनिया की सबसे कुशाग्र, मेहनती और विद्वान प्रतिभाएं भारत की हैं। लोक सभा अध्यक्ष बिरला का सपना था कि कोटा में यह साइंस सेंटर और प्लेनेटोरियम बने, जो आज हकीकत बना है। इस केंद्र के कारण कल देश को कई नई प्रतिभाएं मिलेंगी।
लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि कोटा में साइंस सेंटर और डिजिटल प्लेनेटोरियम बनना गौरव की बात है। ओम बिरला विश्व में कहीं भी अच्छी चीज देखते हैं तो उनका प्रयास होता है कि कोटा में भी वो हो। यह साइंस सेंटर और डिजिटल प्लेनेटोरियम उनके सकारात्मक दृष्टिकोण का परिणाम है।

देश का सबसे अत्याधुनिक होगा अपना प्लेनेटोरियम
कोटा में बनने वाला डिजिटल प्लेनेटोरियम देश का सबसे अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी युक्त होगा। 80 व्यक्तियों की क्षमता वाला ऐसा प्लेनेटोरियम में देश में अभी कहीं नहीं है। कोटा में हर वर्ष करीब दो लाख विद्यार्थी इंजीनियरिंग और मेडिकल की प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए आते हैं। इसके अलावा कोटा क्षेत्र में बडी संख्या में स्कूल, इंजीनियरिंग और डिग्री कॉलेज, आईटीआई भी हैं। राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय सहित 4 अन्य विश्वविद्यालयों से भी प्रदेश के बड़ी संख्या में विद्यार्थी जुड़े हैं। इन सबके लिए विज्ञान को नए और मजेदार तरीके से समझने तथा सूर्य, मंगल, पृथ्वी, धूमकेतु सहित अंतरिक्ष के अन्य रहस्यों का जानने में यह साइंस सेंटर और डिजिटल प्लेनेटोरियम मददगार सिद्ध होगा। साथ ही बच्चों और विद्यार्थियों में साइंस और टेक्नोलॉजी की समझ उत्पन्न होने से वैज्ञानिक दृष्टिकोण भी विकसित होगा जो उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए लाभप्रद रहेगा।

कार्यक्रम में यह भी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विवेक राजवंशी, लव शर्मा, कृष्ण कुमार सोनी, प्रेम गोचर, योगेंद्र नन्दवाना अल्कू, राजस्थान सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव वी. श्रवण कुमार, जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button